थाणे के एक वेफर्स गोदाम में लगी भीषण आग, राहत व बचाव कार्य जारी
मुंबई
महाराष्ट्र के थाणे स्थित मानपाड़ा के एक वेफर्स के गोदाम में शुक्रवार को आग लग गई। आग पेप्सी और लेज वेफर्स के गोदाम में लगी है जो 6,200 वर्ग फीट में फैला हुआ था। यह गोदाम मानपाड़ा के कोठारी कंपाउंड में स्थित है। बताया जा रहा है कि आग तड़के ढाई बजे लगी। घटना स्थल पर दमकल विभाग की कई गाड़िया पहुंच चुकी हैं और दमकलकर्मियों द्वारा आग बुझाने का काम जारी है।
क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन सेल ने कहा कि जिस समय यह हादसा हुआ उस समय 12 डिलीवरी टैंपू माल की लोडिंग के लिए गोदाम में खड़े थे। घटना स्थल पर फायर ब्रिगेड के कर्मी मौजूद हैं। इसके साथ एक फायर इंजन, दो बड़े पानी के टैंकर, एक पानी का छोड़ा टैंकर और एक बचाव वाहन और एक जेसीबी किसी भी स्थिति से निपटने के लिए मौजूद हैं। इस आग के लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं लग सका है। अभी तक किसी के भी हताहत होने की खबर नहीं है।

पाठको की राय